कर्मचारी अंडरवियर में छिपाकर उड़ाता था ब्रांडेड कपड़े, CCTV से खुला राज, चोरी का अनदेखा तरीका बेनकाब
एमपी के रीवा शहर से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक रेडीमेड दुकान का कर्मचारी ही मालिक को चूना लगा रहा था, वो भी इतने शातिर तरीके से कि किसी को भनक तक नहीं लगी। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रकाश चौराहे का है, जहां जितेंद्र खुवानी की रेडीमेड दुकान में काम करने वाला कर्मचारी आशीष सिंह महंगे ब्रांडेड कपड़ों पर हाथ साफ कर रहा था। लेकिन चोरी का तरीका बेहद चौंकाने वाला था।
बताया जा रहा है कि आरोपी शर्ट, कुर्ते और ब्लेजर जैसे कपड़ों को अपनी अंडरवियर के अंदर छिपा लेता था, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद वह कभी खाना खाने तो कभी किसी और बहाने से दुकान से बाहर निकलता और चोरी का सामान ठिकाने लगा देता। शुरुआत में दुकान मालिक को सिर्फ स्टॉक में कमी नजर आई, लेकिन जब यह सिलसिला लगातार जारी रहा, तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली—और जो सामने आया, उसने उनके होश उड़ा दिए।
फुटेज में आरोपी 15 अप्रैल से लगातार इसी तरीके से चोरी करते हुए नजर आया। चोरी का खुलासा होते ही आरोपी ने नौकरी छोड़ दी और उल्टा मालिक को ही धमकी दे डाली कि अगर पुलिस में शिकायत की, तो जान से मार देगा। हालांकि, मालिक ने हिम्मत दिखाते हुए सिटी कोतवाली थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। थाना प्रभारी निशा मिश्रा के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। यह मामला न सिर्फ चोरी का है, बल्कि भरोसे के टूटने का भी है—जहां कर्मचारी ही मालिक के साथ धोखा करता रहा।