कलेक्टर के आदेश की अवहेलना, रोक के बावजूद जला रहे पराली, हो रहे घातक परिणाम
कलेक्टर के सख्त आदेश के बावजूद भी किसानों द्वारा लगातार अवहेलना की जा रही है। किसानों की लापरवाही का नतीजा कई अन्य लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पराली जलाने की वजह से फिर एक घटना सामने आई है जहां भीषण आग बढ़ते बढ़ते एक ट्रांसफार्मर तक जा पहुंची। जिस वजह से बिजली के कई तार जल उठे और लोगों के घरों में अन्धेरा छा गया। इसके अलावा हरे भरे पेड़ पौधे भी जलकर नष्ट हो गए। दरअसल यहाँ पूरा मामला उज्जैन जिले का है। जहां कलेक्टर ने पराली जलाने पर रोक लगाई है। बाकायदा आदेश भी जारी किया गया। लेकिन कलेक्टर के आदेश के उलट अभी भी कई किसान पराली जला रहे हैं। जिससे घातक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। कई लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है की उज्जैन के नायन डैम के पास और भीकमपुर मार्ग पर लोगों ने अपने खेतों में पराली जलाई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया आग इतनी भयंकर थी की वहां खड़े हरे-भरे पेड़ भी उसकी चपेट में आ गए। आग पास में लगी डीपी तक पहुंच गई जिसने बिजली के तारों को भी जला दिया। जिस वजह से घरों की लाईट के तार भी जल गए और भीषण गर्मी में लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ा। लोगों ने बिजली ऑफिस फोन किया लेकिन समय पर लाइट ठीक करने कोई नहीं आया। जिसके बाद आसपास के घरों से लोगों ने लाइट व्यवस्था को ठीक करने की कोशिश की। लेकिन ऐसा भी नहीं हो पाया। आग को बुझाने नगर पालिका और केमिकल डिवीजन की फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची थी। लेकिन तब तक 150 बीघा भूमि में आग फैल चुकी थी।-