सागर- स्कूल जा रही टीचर को कार ने उ ड़ाया, भोपाल करना पड़ा रैफर,कार चालक हुआ फरार | SAGAR TV NEWS |
वाहन को ओवरटेक करते समय एक कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। जिससे एक शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गयी। प्राथमिक इलाज करने के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें भोपाल रैफर किया गया है। घटना सागर जिले के बीना खिमलासा रोड से सामने आई है। बताया जा रहा है की सरस्वती शिशु मंदिर के पास कार की टक्कर से स्कूटी सवार शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गई। स्कूल जाते समय शिक्षिका के साथ यह घटना हुई। जिसके बाद कार सवार रुकने और मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया। इस हादसे में स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हुई है।
जानकारी के मुताबिक स्कूटी सवार शिक्षिका पूजा अहिरवार निवासी भोपाल, जो बीना के जागेश्वरी कॉलोनी में किराए से रहती हैं। वह खिमलासा के पास खडेसरा गांव के सरकारी स्कूल में पदस्थ है। जो अपनी स्कूटी से बीना से खिमलासा स्कूल जा रही थी। तभी बीना के सरस्वती शिशु मंदिर के पास खिमलासा तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने जब एक वाहन को ओवरटेक किया, तभी कार ने स्कूटी सवार शिक्षिका को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर के बाद कार सवार मौके से भाग निकला। घायल शिक्षिका को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें गंभीर हालत में भोपाल रेफर कर दिया गया है।