सागर- शादी में शामिल होने आये दो युवक हादसे का शिकार, एक को किया जिला अस्पताल रैफर
सागर जिले में लोग आये दिन सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं। लगातार इसी तरह के मामले सामने आने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला सागर जिले के खुरई थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां एक बाइक पर सवार दो युवकों को स्कूटी सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल बताये जा रहे हैं। जिनमें एक की हालत गंभीर होने के चलते उसे सागर जिला अस्पताल रैफर किया गया है। यह पूरी घटना खुरई के जेल रोड पर हुई। बताया जा रहा है की शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर जा रहे बाइक सवार दो युवकों को पीछे से तेज रफ्तार स्कूटी चालक ने टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक बाइक सवार विवेक लोधी और राकेश लोधी दोनों निवासी बछरई थाना नाराहट जिला ललितपुर उत्तरप्रदेश जो अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए खुरई के जगदीशपुरा बायपास चौराहा के पास आए हुए थे। शादी में शामिल होने के बाद बाइक सवार दोनों युवक अपने घर लौट रहे थे। जहां जेल रोड पर पीछे से एक अज्ञात स्कूटी चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिस वजह से बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। दोनों को एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां राकेश लोधी की हालत गंभीर होने पर उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर रेफर कर दिया गया।