बस चोरी गैंग का भंडाफोड़! 20 लाख के गहने बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS |
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर में बस यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से बस स्टैंड और बसों में सफर कर रहे यात्रियों के बैग से कीमती सामान चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में भोपाल निवासी नीलम वर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में टीम गठित की गई, जिसने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से इस शातिर गिरोह तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि आरोपी बसों में सफर करने वाले यात्रियों के बैग को निशाना बनाते थे और बड़ी सफाई से गहने व नकदी पार कर देते थे। गिरफ्तार आरोपियों में इकबाल अली, इमरान उर्फ इसराइल, अमजद उर्फ आजाद, शाहबुद्दीन और शबनम उर्फ जाहिदा बेगम शामिल हैं। ये आरोपी मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान के विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं।
पुलिस ने इनके पास से सोने के मंगलसूत्र, हार, अंगूठियां, चूड़ियां, झुमके, चेन समेत बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। हालांकि, गिरोह का मास्टरमाइंड अबरार, जो एक हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से बस यात्रियों को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहा था। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे और भी खुलासे होने की संभावना है। इस कार्रवाई से यात्रियों ने राहत की सांस ली है, लेकिन सवाल अभी भी बरकरार है—क्या फरार मास्टरमाइंड जल्द पकड़ा जाएगा?