मौत की खदानों पर बुलडोजर! अवैध कोयला कारोबार पर बड़ा प्रहार, गड्ढे बंद, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
एमपी के शहडोल जिले में अवैध कोयला खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए ‘मौत की खदानों’ पर बुलडोजर चला दिया। बुढार थाना क्षेत्र के चंगेरा गांव में खनिज विभाग की टीम ने छापेमार कार्रवाई कर न सिर्फ अवैध खदानों को बंद कराया, बल्कि मौके से कोयला और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त कर ली। जानकारी के मुताबिक, इस इलाके में लंबे समय से गुफानुमा खतरनाक गड्ढों के जरिए अवैध उत्खनन किया जा रहा था। ये गड्ढे न केवल गैरकानूनी थे, बल्कि कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की।
टीम के मौके पर पहुंचते ही इलाके में हड़कंप मच गया। कई लोग मौके से भाग खड़े हुए, लेकिन अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए अवैध रूप से निकाले गए कोयले को जब्त कर लिया और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। जब्त सामग्री को थाना बुढार की अभिरक्षा में रखा गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि गांव के कुछ लोग बोरियों में कोयला भरकर आसपास के ईंट भट्टों में बेच रहे थे, जिससे यह अवैध कारोबार लंबे समय से फल-फूल रहा था। टीम ने मौके पर मौजूद अन्य छोटे-छोटे गड्ढों को भी बंद कराया, ताकि भविष्य में किसी तरह का खतरा न रहे।
खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य ने बताया कि अवैध खनन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने साफ कहा कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय कोल माफिया के बीच खौफ का माहौल है। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर कहीं अवैध खनन की जानकारी मिले, तो तुरंत सूचना दें। यह कार्रवाई साफ संदेश देती है—अब अवैध खनन करने वालों के लिए कोई जगह नहीं, और कानून का शिकंजा लगातार कसता जाएगा।