सागर- सूदखोरों से परेशान एक परिवार, दे रहे जा-न से मरने की धम-की, पुलिस मदद की गुहार
सागर में एक व्यक्ति ने अलग-अलग लोगों से करीबन 6 लाख रुपये ब्याज पर लिए। उनके हिसाब से उन्होंने सारा पैसा ब्याज समेत चुका दिया है। लेकिन सूदखोरों द्वारा लगातार उन्हें परेशान किया जा रहा है। परिवार को डराया धमकाया जा रहा है। बेटे को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जिससे परेशान परिवार ने एसपी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। सागर के बाघराज वार्ड निवासी बालकदास पटेल अपनी पत्नी और बेटे के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। बालकदास पटेल के मुताबिक उन्होंने लैब खोलने, माता-पिता के इलाज और बेटी की शादी के लिए अलग-अलग लोगों से ब्याज पर करीब 5 से 6 लाख रुपए उधार लिए थे। उन्होंने बताया कि 5 प्रतिशत ब्याज की दर से वह अब तक बड़ी राशि चुका चुके है। लेकिन इसके बावजूद भी सूदखोर लगातार और पैसे की मांग कर रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि पैसे नहीं देने पर सूदखोर उसे और उसके परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं। साथ ही उसके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। घर पर आकर धमकाया जाता है गाली गलौच की जाती है। जिस कारण परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
परिवार ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू करने की बात कही है।------