सागर पुलिस ने 3 दिन में लौटाया युवती का भविष्य, CCTV से मिला गुम बैग और फिर | SAGAR TV NEWS |
सागर पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का शानदार उदाहरण पेश किया है। सिर्फ एक बैग नहीं, बल्कि एक युवती का “भविष्य” बचाते हुए पुलिस ने तीन दिन की कड़ी मेहनत के बाद गुम हुए महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग ढूंढ निकाला। दरअसल, मकरोनिया की रहने वाली प्राची रजक, जो टाटा AIA लाइफ इंश्योरेंस में कार्यरत हैं, 27 अप्रैल को अपने घर से ऑफिस जा रही थीं। इस दौरान वे ऑटो से राधा तिराहा पहुंचीं, लेकिन जल्दबाजी में उतरते समय उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। कुछ देर बाद जब उन्हें इसका एहसास हुआ, तो उनके होश उड़ गए।
बैग में ऑफिस के बेहद जरूरी दस्तावेज थे, जो उनके करियर से सीधे जुड़े हुए थे। घबराई हुई प्राची तुरंत सागर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचीं और मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। उप निरीक्षक आरकेएस चौहान ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन में टीम सक्रिय हो गई। CCTV कंट्रोल रूम और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने शहरभर के कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में प्राची को राधा तिराहा पर ऑटो से उतरते हुए तो देखा गया, लेकिन ऑटो का नंबर साफ नजर नहीं आया।
इसके बाद पुलिस ने ऑटो की फोटो सोशल मीडिया और ऑटो चालकों के बीच वायरल कर दी, साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। लगातार तीन दिन की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार उस ऑटो चालक की पहचान हो गई। उसे कंट्रोल रूम बुलाकर बैग बरामद किया गया, जिसमें सभी दस्तावेज सुरक्षित मिले। अपना बैग वापस पाकर प्राची भावुक हो गईं और सागर पुलिस का आभार जताया। इस पूरे मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि तकनीक और तत्परता के दम पर सागर पुलिस हर नागरिक की मदद के लिए हमेशा तैयार है।