दूल्हे ने दुल्हन लाने मकान रखा गिरवी, लुटेरी दुल्हन जेवर लेकर हुई फरार, बिचौलिए ने लिए डेढ़ लाख
जिस दुल्हन को युवक अपना मकान गिरवी रखकर लाया था। वही दुल्हन लुटेरी निकली, जो सारे गहने लेकर उसे चूना लगाकर रफ़ू चक्कर हो गयी। परेशान पति अब अपने आपको ठगा हुआ सा महसूस कर रहा है बताया गया की डेढ़ लाख रूपये लेकर एक बिचौलिए ने शादी कराई थी। लुटेरी दुल्हन का ये मामला छतरपुर जिले से सामने आया है। जिसने एक ही झटके में गरीब परिवार को तोड़ कर रख दिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दुर्गा कॉलोनी में रहने वाले मनोज अहिरवार की शादी बीते 24 अप्रैल को जटाशंकर धाम में आकांक्षा नाम की युवती से हुई थी। मनोज अपना मकान गिरवी रखकर दुल्हन लाया था। फिलहाल उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
बताया जा रहा है की सैला गांव निवासी मनोज अहिरवार की शादी 24 अप्रैल को जटाशंकर धाम में आकांक्षा नाम की युवती से करवाई गई थी। यह शादी पड़ोस में रहने वाले विक्की सेन नामक बिचौलिये ने करीब डेढ़ लाख रुपए लेकर तय कराई थी। शादी के बाद परिवार अपने गांव सैला लौट गया। जहां पारंपरिक रस्में निभाई जा रही थीं। इसके बाद बीते 26 अप्रैल को दुल्हन ने साड़ी खरीदने के लिए बाजार जाने की इच्छा जताई। इसके बाद पति मनोज, बिचौलिया विक्की सेन और उसका साथी आकाश प्रजापति दुल्हन को महाराजपुर बाजार लेकर पहुंचे। जहां भीड़ का फायदा उठाकर दुल्हन गहने और कीमती सामान लेकर मौके से फरार हो गई। यही नहीं कुछ देर बाद बिचौलिया विक्की और उसका साथी आकाश भी गायब हो गए। जब पीड़ित मनोज ने विक्की सेन से संपर्क किया तो उसने पैसे लौटाने के बजाय गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के पिता अच्छेलाल अहिरवार के मुताबिक बेटे की शादी के लिए उन्होंने अपना घर तक गिरवी रख दिया था। अब न पैसे बचे हैं और न ही बहू का कोई पता है। पीड़ित परिवार ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और लूटे गए जेवरात और रकम वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।------