जाल में फंसा चोर! सरिया चोरी करने घुसा, जाली में फं सा हाथ, पूरी रात खड़ा रहा
एमपी के ग्वालियर से एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक चोर चोरी करने तो पहुंचा, लेकिन खुद ही ऐसे जाल में फंस गया कि पूरी रात वहीं खड़ा रहने को मजबूर हो गया। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज कुशवाह देर रात एक निर्माणाधीन मकान में सरिया चोरी करने के इरादे से घुसा था। मकान के कमरे का दरवाजा बंद था, जिसे खोलने के लिए उसने जाली के अंदर हाथ डालकर कुंडी खोलने की कोशिश की।
लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। कुंडी तो नहीं खुली, उल्टा उसका हाथ जाली में इस कदर फंस गया कि वह निकाल ही नहीं पाया। हाथ निकालने की कोशिश में सूजन और दर्द बढ़ता गया और देखते ही देखते वह वहीं फंसकर रह गया। पूरी रात चोर जाली के सहारे खड़ा रहा, न बैठ सका, न भाग सका। दर्द और बेबसी के बीच उसने रात किसी तरह काटी। सुबह जब मकान मालिक मौके पर पहुंचा, तो जाली में फंसे चोर को देखकर हैरान रह गया। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद पहले चोर का हाथ जाली से बाहर निकाला और फिर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मनोज कुशवाह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही करीब 6 चोरी के मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने कई वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। थाना प्रभारी यशवंत गोयल के अनुसार, आरोपी से आगे पूछताछ कर चोरी का अन्य सामान बरामद करने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। लोग चुटकी लेते हुए कह रहे हैं— “चोरी करने गया था, खुद ही जाल में फंस गया!”