झुलसा देने वाली गर्मी में प्यासे हैं लोग, 2 किमी दूर गड्ढे से पानी लाने मजबूर, सिस्टम है बेखबर !
इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है आसमान आग उगल रहा है। सूरज की चुभन से लोग परेशान हैं। वहीं इसी बीच अब जल संकट की ख़बरें भी लगातार सामने आ रही हैं। इसी तरह कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं जो काफी हैरान कर देने वाली हैं। लोगों को चिलचिलाती गर्मी में दो किलोमीटर दूर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है वो भी एक गड्ढे में से लोग पानी भरने को मजबूर हैं। जल संकट से हाहाकार मचा हुआ है। तस्वीरें एमपी के रीवा जिले की हैं। जहां सिस्टम इस सब से बेखबर नज़र आता है। 45 डिग्री की गर्मी में भी लोग प्यासे हैं। यहां बिजली न होने से समस्या काफी हद तक बढ़ गयी है।
बताया गया की सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के डभौरा से सामने आये इस मामले ने विकास के बड़े बड़े दावों की पोल खोलकर रख दी। वार्ड क्रमांक 7 ग्राम धुरकुच के लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। पिछले एक महीने से लोग परेशान हैं। न बिजली है, न पानी। दरअसल यहां एक महीने से बिजली नहीं है। जिस वजह से लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। पेयजल के लिए मजबूरी में कई किलोमीटर दूर जाकर पत्थरों के बीच गड्ढे से पानी भरने को मजबूर हैं।
बताया जा रहा है की इन दिनों रीवा जिले में भीषण गर्मी का दौर जारी है। पारा 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। ऐसे में डभौरा के धुरकुच गांव के लोग 2 किलोमीटर दूर जाकर नदी का पानी पीने को मजबूर हैं। जिसके पीछे की वजह बिजली विभाग की लापरवाही भी है। एक महीने पहले अज्ञात लोगों ने बिजली के तार काट दिए थे। जो आज तक नहीं जोड़े गए हैं। अभी तक यहां कोई प्रशासनिक अधिकारी भी नहीं पहुंचा है। गांव में सरकारी हैंडपंप हैं। मोटरें भी लगी हैं। लेकिन बिजली के बिना सब सूना है।
लोगों ने अधिकारियों के अलावा सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायतें दर्ज कराई लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। जिससे उन्हें दूर से पानी लेन मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि उन्हें बिजली के साथ ही पानी की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
फ़िलहाल इस मामले में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी का कहना है कि। इस बात की जानकारी नहीं थी, अभी जानकारी मिली है। संबंधित अधिकारियों को जानकारी देकर इसका समाधान किया जाएगा।------