फॉर्च्यूनर का कांच तोड़ पिस्टल-नकदी ले भागा आरोपी गिरफ्तार, हाई-प्रोफाइल चोरी का पर्दाफाश !
एमपी के इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई हाई-प्रोफाइल चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। मल्हार गार्डन की पार्किंग में खड़ी फॉर्च्यूनर कार का कांच तोड़कर बैग चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना उस समय की है जब एक शादी समारोह चल रहा था और मेहमान कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए पार्किंग में खड़ी एक लग्जरी फॉर्च्यूनर कार को निशाना बनाया। उसने पत्थर से कार का कांच तोड़ा और अंदर रखा बैग लेकर फरार हो गया।
चोरी किए गए बैग में एक लाइसेंसी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और करीब एक लाख रुपये नकद मौजूद थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई और एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने इलाके के करीब 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और बैक-ट्रैकिंग के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच के बाद आरोपी की पहचान सलमान खान पिता रूपन दमाओड़े, निवासी भगवती नगर मुसाखेड़ी के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। इसमें पिस्टल, कारतूस, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक शामिल है।
फरियादी केशव सोनी, जो उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी हैं, शादी समारोह में शामिल होने इंदौर आए थे। उनकी शिकायत पर ही यह कार्रवाई की गई। डीसीपी आनंद कलादगी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और उससे अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बड़े आयोजनों में पार्किंग सुरक्षा कितनी मजबूत है। फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, लेकिन साथ ही लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।