अवैध शराब पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 146 लीटर शराब जब्त, युवक गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS |
एमपी के छतरपुर जिले के बक्सवाहा में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस दौरान भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की गई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, थाना बक्सवाहा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाली रोड स्थित एक सुनसान मकान में अवैध रूप से देशी शराब का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके पर एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा मिला, जो सफेद रंग का थैला लिए हुए था। पुलिस को देखते ही वह घबराकर कमरे का दरवाजा बंद करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कैलाश सिंह पायक (19 वर्ष), निवासी ग्राम मगरई, हाल निवासी पाली रोड बक्सवाहा बताया। तलाशी लेने पर युवक के थैले से 15 क्वार्टर देशी मसाला शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, जहां 16 कार्टनों में भरी बड़ी मात्रा में शराब पाई गई।
जांच में सामने आया कि प्रत्येक कार्टन में 50-50 क्वार्टर रखे हुए थे। इस तरह कुल 815 क्वार्टर, यानी करीब 146.7 लीटर देशी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 81 हजार 500 रुपए बताई जा रही है। जब पुलिस ने आरोपी से शराब रखने और बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने जब्त शराब को सीलबंद कर मालखाने में जमा करा दिया है और मामले की जांच जारी है। नगर निरीक्षक जितेंद्र वर्मा ने बताया कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है—अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ अब सख्ती और बढ़ने वाली है।