नौकर निकला चोर! ज्वेलर्स से 15 लाख की चांदी लेकर फरार, पुलिस ने किया गिरफ्तार
एमपी के इंदौर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां भरोसे का फायदा उठाकर ज्वेलर्स का ही नौकर लाखों की चांदी लेकर फरार हो गया। हालांकि सराफा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। दरअसल, 8 अप्रैल को साउथ तुकोगंज निवासी ज्वेलर्स राहुल जैन ने सराफा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके यहां काम करने वाला कर्मचारी पंकज निमावत करीब 6 किलो 105 ग्राम फाइन चांदी लेने के लिए बड़ा सराफा गया था, लेकिन वह चांदी लेकर वापस नहीं लौटा। चोरी गई चांदी की कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। साइबर टीम और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई और उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी पंकज निमावत ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4 किलो 800 ग्राम चांदी बरामद की है। वहीं आरोपी द्वारा बेची गई करीब 1 किलो चांदी एक अन्य व्यक्ति राहुल से भी जब्त की गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी और एक मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है।
एसीपी विजय तिवारी के मुताबिक, आरोपी ने भरोसे का गलत फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन शामिल हो सकता है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कारोबार में भरोसे की आड़ में होने वाले अपराधों से कैसे बचा जाए। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, लेकिन साथ ही व्यापारियों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।