सागर- दो घायलों को ले जाने समय पर नहीं पहुंची एम्बुलेंस,तड़पकर चल बसे दोनों | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के खुरई में समय पर एम्बुलेंस के न पहुंचने से दो गंभीर घायल मरीजों को समय पर रैफर नहीं किया जा सका। जिससे दोनों ने दम तोड़ दिया। सूचना देने के कई घंटे बाद एम्बुलेंस पहुंची सकी। जिससे अब कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतकों की पहचान भी काफी देर बाद हो पाई। बताया गया की खुरई के जगदीशपुरा बायपास चौराहा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दो अज्ञात बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुए थे। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने दोनों को सागर रेफर किया था। लेकिन कई घंटों के बाद एम्बुलेंस आने के कारण दोनों ने सागर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक खुरई शहरी थाना क्षेत्र के जगदीशपुरा बायपास चौराहा के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो अज्ञात लोगों को जोरदार टक्कर मार दी थी। 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों के सिर, हाथ, पैर में गंभीर चोटें थीं। बाइक सवार बिना नंबर की बाइक लिए हुए थे। दोनों के जेब की तलाशी लेने पर कुछ भी ऐसा नहीं मिला जिससे उनकी पहचान हो सके। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना शहरी पुलिस को दी। दोनों गंभीर घायलों को डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद सागर रेफर कर दिया था।
कॉल करने के कई घंटे बाद एम्बुलेंस अस्पताल आई। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों की पहचान हुई। जिसमें बल्लू नौनाचमारी ने पहले दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे घायल लाखन नौनाचमारी ने भी कुछ घंटों में दम तोड़ दिया। दोनों खजरा हरचंद के निवासी थे। अगर समय पर इनको एम्बुलेंस मिल जाती तो शायद इनकी जान बच सकती थी। खुरई सिविल अस्पताल में तीन 108 एम्बुलेंस हैं। लेकिन एक एम्बुलेंस करीब तीन महीने से खराब पड़ी हुई है। ऐसे में मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है।-