नकाबपोश बदमाशों ने फोड़े कारों के कांच,बैटरी चुराकर हुए चंपत,बेख़ौफ़ तरीके से की चोरी
नकाबपोश बदमाशों ने एक कॉलोनी में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। जहां दो चोरों ने कारों के कांच फोड़ने के बाद बैटरियां चुराई और दहशत फ़ैलाने के बाद चम्पत हो गए। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। जिसके बाद अब पुलिस अज्ञात नकाबपोशों की तलाश में जुट गयी है। घटना ग्वालियर जिले के सिरोल थाना क्षेत्र की पत्रकार कॉलोनी से सामने आई है। जहां देर रात नकाबपोश चोरों ने दो कारों के कांच फोड़कर बैटरियां चोरी कर लीं। इसके अलावा एक निर्माणाधीन मकान को भी निशाना बनाया।
बताया जा रहा है की सिरोल रोड स्थित पत्रकार कॉलोनी में दो चोर देर रात कॉलोनी में पहुंचे और व्यवसायी नरेंद्र मौर्य के घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाते हुए पहले कार की ड्राइवर सीट का शीशा तोड़ा, फिर बोनट खोलकर बैटरी निकाल ली। इसके बाद पास में खड़ी दूसरी कार से भी इसी तरह बैटरी चोरी की गई। सीसीटीवी में नज़र आ रहा है की चोर बिना किसी डर के आराम से वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इसके बाद दोनों आरोपी पास में स्थित जीवाजी विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर के निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे। जहां से सामान चोरी कर फरार हो गए।
सुबह घटना की जानकारी लगने पर लोगों ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जहां पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही उनकी तलाश शुरू की गई है। सीएसपी मनीष यादव का कहना है की जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा