सागर- अस्पताल में पानी की आपूर्ति ठप्प, मरीज और परिजन हैरान परेशान, तरसे पानी के लिए
सागर जिले के बीना में स्थित एक अस्पताल में दो दिनों तक पानी की आपूर्ति ठप्प हो गयी। जिससे मरीज और उनके परिजन पानी के लिए तरस गए। उन्हें पानी की बॉटल खरीदकर किसी तरह काम चलाना पड़ा। जिससे स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दरअसल बीना रिफाइनरी बीपीसीएल के अंतर्गत आने वाली विवेकानंद अस्पताल में बीते दो दिनों तक पानी की आपूर्ति ठप रही। अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर मूलभूत सुविधा के अभाव ने न सिर्फ मरीजों, बल्कि स्टाफ को भी भारी परेशानी में डाल दिया।
जानकारी के मुताबिक अस्पताल में अचानक जल आपूर्ति बाधित हो गई। जिसके चलते वार्डों में भर्ती मरीजों को पीने के पानी से लेकर स्वच्छता तक के लिए संघर्ष करना पड़ा। हालात इतने खराब हो गए कि अस्पताल प्रबंधन को टैंकर के माध्यम से पानी मंगवाना पड़ा। लेकिन यह व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं रही। यहां तक कि अस्पताल के वार्ड बॉय और अन्य कर्मचारियों से टैंकर से पानी भरवाया गया। इनके जरिए वार्ड बॉय और अन्य स्टाफ से पानी भरवाकर दूसरी मंजिल तक कई वार्डों तक पहुंचाया गया। मरीजों के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में इस तरह की स्थिति ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं। कई परिजनों ने बताया कि शौचालयों में पानी न होने से गंदगी फैलने लगी थी। जिससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया था। स्वास्थ्य सेवा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में इस प्रकार की लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करनी चाहिए थीं। ताकि इस तरह की स्थिति से बचा जा सके। दो दिनों तक चली इस अव्यवस्था ने अस्पताल की तैयारियों और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। ताकि भविष्य में मरीजों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।