पुलिस ने ड्रोन से ढूंढ निकाली लाखों कीमत की भैंसें, लूटकांड का खुलासा, 60 भैंसें बरामद
हाल ही में हथियार बदमाशों ने भैंस लूटकांड की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। जहां 30 से 35 लाख रूपये कीमत की करीब 60 दुधारू भैंसों को चोरी किये जाने का मामला सामने आया था। जहां पुलिस ने ड्रोन की मदद से भैंसों को ढूंढ निकाला है। हालांकि बदमाशों को नहीं पकड़ा जा सका है। जिनकी तलाश की जा रही है। एमपी की मुरैना जिले की पुलिस ने मामले का खुलासा किया।
बता दें की बीते गुरुवार की रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नगर का पुरा गांव से लूटी गई करीब 60 दुधारू भैंसों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पशुपालक के मुताबिक बरामद भैंसों की कीमत करीब 30 से 35 लाख रुपये आंकी गई है। घटना के दौरान एक दर्जन से ज्यादा हथियारबंद बदमाशों ने राजपाल गुर्जर को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए चंबल के बीहड़ों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ड्रोन के जरिए छानबीन की गई। हालांकि सर्च के दौरान बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। जिससे उनके फरार होने की आशंका जताई जा रही है। करीब आधा सैकड़ा पुलिस बल की मदद से चलाए गए अभियान में सभी भैंसों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
उन्हें वापस मुरैना लाया जा रहा है। शुरूआती जांच में इस वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है साथ ही आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। मामले में थाना प्रभारी उदयभान सिंह ने जानकारी दी।--