सागर से शाहगढ़ की ओर जा रहे 3 बाइक सवार युवकों की मौ त! और फिर
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार का कहर तीन युवकों की जिंदगी पर भारी पड़ गया। घटना बकस्वाहा क्षेत्र के सेमरा पुल की है, जहां शुक्रवार को एक भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सागर से शाहगढ़ की ओर जा रहे बाइक सवार युवकों को सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक पर सवार राम मिलन सौर (22 वर्ष) निवासी राजा बिलहरा खुरखी और विशाल सौर (21 वर्ष) निवासी पापेट छानबीला, जिला सागर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं तीसरा युवक गोविंद सौर, जो गंभीर रूप से घायल था, उसे तत्काल जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया, लेकिन जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर दूर तक जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बकस्वाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया है और बस की तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जरा सी लापरवाही कैसे तीन घरों के चिराग बुझा सकती है, यह घटना उसी का उदाहरण है।