2 मासूमों के शव मिले, मौत का आंकड़ा 11… पिता बोले बेटा मिल गया, यही हमारा सहारा
एमपी के जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। शनिवार को रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दो मासूम बच्चों के शव बरामद किए गए, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। मृत बच्चों में 5 वर्षीय श्रीतमिल और 5 वर्षीय विराज सोनी शामिल हैं। विराज का शव शनिवार शाम करीब 6 बजे घटनास्थल के पास मिला, जिसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इस हादसे में अब भी कामराज और उनका भतीजा मयूरन लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए रविवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।
शनिवार को पूरे दिन सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बोट और गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश में जुटी रहीं। हालांकि दोपहर बाद मौसम ने रुख बदल लिया। तेज आंधी, बारिश और ऊंची लहरों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में बार-बार बाधा आई और आखिरकार रात में इसे रोकना पड़ा। इस हादसे की सबसे दर्दनाक तस्वीर तब सामने आई, जब विराज सोनी का शव मिलने के बाद उसके पिता कृष्णा सोनी टूट गए। अपने बेटे को याद करते हुए उनकी आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे। परिवार के एक सदस्य ने भावुक होकर कहा, जैसा भी मिला, हमारे लिए हमारा बच्चा अमृत है… भगवान का शुक्र है कि मिल गया।
हादसे ने इस परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है, क्योंकि विराज की मां नीतू सोनी की भी इस हादसे में मौत हो चुकी है, जिनका अंतिम संस्कार एक दिन पहले ही किया गया था। अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, लेकिन हादसे की पीड़ा अभी भी कम नहीं हुई है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लगातार कोशिश कर रही हैं कि लापता लोगों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। बरगी का यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि कई परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया है।