तूफान बना मौत का कारण, तीसरी मंजिल से उड़ी 5000 लीटर टंकी और फिर मजदूर की मौत !
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तेज आंधी-तूफान ने एक मजदूर की जान ले ली। घटना शनिपुरा बाजार इलाके की है, जहां शनिवार शाम अचानक आए तेज तूफान ने तबाही मचा दी। तेज हवाओं के चलते एक मकान की तीसरी मंजिल पर रखी करीब 5000 लीटर क्षमता की पानी की टंकी हवा में उड़ गई। हैरान कर देने वाली बात यह रही कि यह भारी-भरकम टंकी उड़कर सीधे पास में बन रहे एक निर्माणाधीन मकान पर जा गिरी, जहां एक मजदूर काम कर रहा था। टंकी सीधे मजदूर के सिर पर गिरी, जिससे उसे गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिस मकान की छत से टंकी उड़ी, वह एक डॉक्टर का बताया जा रहा है। मकान मालिक डॉ. बिंद्रा ने बताया कि तेज आंधी-तूफान के कारण टंकी अपनी जगह से उखड़कर उड़ गई और यह हादसा हो गया।
कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेश भगत के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि तेज आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षा इंतजाम कितने जरूरी हैं। छिंदवाड़ा में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया और इलाके में शोक का माहौल बना दिया है।