MD के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, सवा 2 लाख का माल जब्त!, SSC की तैयारी कर रहा था आरोपी! | SAGAR TV NEWS |
मध्य प्रदेश के हरदा शहर में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.07 ग्राम एमडी पाउडर बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब सवा दो लाख रुपए आंकी गई है। यह कार्रवाई शनिवार को की गई, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि छोटी हरदा क्षेत्र में सर्विस रोड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास कुछ संदिग्ध युवक बैठे हुए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित सोनी (25), सौरभ शर्मा (26) और वसीम खान (22) के रूप में हुई है। मौके से एक पीली थैली और दो बाइक भी जब्त की गई हैं। प्रारंभिक पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि दो आरोपी अन्य जिलों से ड्रग्स लेकर आए थे, जबकि तीसरा व्यक्ति इसे खरीदने के लिए वहां पहुंचा था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
इस मामले में एक चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि आरोपी सौरभ शर्मा एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। ऐसे में यह सवाल उठता है कि पढ़ाई के साथ-साथ युवा आखिर कैसे नशे के इस अवैध कारोबार में शामिल हो रहे हैं। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और उम्मीद है कि इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।