सागर- राहतगढ़ में आधी रात आग का कहर, किराना दुकान जलकर खाक, लाखों का नुकसान! | SAGAR TV NEWS |
मध्य प्रदेश के सागर जिले के राहतगढ़ में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किराना दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना ग्राम मीरखेड़ी निवासी राजकुमार कुर्मी की किराना दुकान की है। जानकारी के मुताबिक, राजकुमार रोज की तरह रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। लेकिन देर रात करीब 1 बजे आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा।
धुआं उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दुकानदार और पुलिस को सूचना दी। जब तक राजकुमार मौके पर पहुंचे, तब तक आग काफी फैल चुकी थी और लपटें तेज हो गई थीं। ग्रामीणों ने शुरुआत में खुद ही आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
आगजनी में किराना सामान, स्टेशनरी, फ्रिज, कूलर, टीवी, कैमरा, डेयरी उत्पाद और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं। दुकान का फर्नीचर भी आग की भेंट चढ़ गया, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। दुकानदार राजकुमार कुर्मी के अनुसार, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार कर लिया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि उस समय तेज हवा नहीं चल रही थी, वरना आग आसपास के मकानों तक भी फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।