सागर- गढ़ाकोटा में ओलावृष्टि, गांवों में तेज आंधी-बारिश…सड़कों पर बहा पानी! मौसम का कहर
मध्य प्रदेश के सागर जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। भीषण गर्मी के बीच अचानक आई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जनजीवन को प्रभावित कर दिया। रविवार को सुबह जहां तेज धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान किया, वहीं दोपहर बाद मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। आसमान में काले-घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक शुरू हो गई।
कुछ ही देर में सागर शहर में झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे सड़कों पर पानी बहने लगा। इस बारिश ने गर्मी से राहत जरूर दी, लेकिन कई जगह जलभराव की स्थिति भी बन गई। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और ज्यादा बिगड़ गए। गढ़ाकोटा सहित घोघरा, दतपुरा, घोनो, खेजरा, चरखारी, विजयपुरा, पिपरिया गोपाल और खिरिया खवास जैसे दर्जनों गांवों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई।
गढ़ाकोटा के रेंगुवा गांव में चने के आकार के ओले गिरने की खबर सामने आई है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव की वजह साइक्लोनिक सर्कुलेशन और प्रदेश से गुजर रही ट्रफ लाइनें हैं, जिनका असर सागर समेत कई जिलों में देखने को मिल रहा है। फिलहाल जिले का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 5 मई तक इसी तरह मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और कहीं-कहीं आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि भी हो सकती है। बदलते मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों के लिए चिंता भी बढ़ा दी है।