सागर- झमाझम बारिश से मिली राहत, तेज हवाओं ने बढ़ाई ठंडक! बदला मौसम का मिजाज:
मध्य प्रदेश के सागर में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार शाम शहर में झमाझम बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। सुबह से जहां तेज धूप और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी, वहीं दोपहर तक हालात और ज्यादा तपिश भरे हो गए थे। लेकिन शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। कुछ ही देर में सागर के बेरखेड़ी गुरु, पथरिया और बम्होरी तिगड्डा सहित कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। हवाओं के साथ हुई इस बारिश ने गर्मी से बेहाल लोगों को राहत की सांस दी।
बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं ने माहौल को सुहावना बना दिया। लोग घरों से बाहर निकलकर इस बदले मौसम का आनंद लेते नजर आए। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सागर में बीते 24 घंटों के दौरान आंधी-तूफान के बीच हवा की रफ्तार करीब 59 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तेज हवाओं का असर देखने को मिला। पश्चिमी मध्य प्रदेश के बैतूल में सबसे तेज 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि अशोकनगर में 72, सीहोर में 68 और भोपाल में 57 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज की गई।
पूर्वी मध्य प्रदेश में जबलपुर में 59, शहडोल में 57 और सीधी में 46 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मौसम के इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं तेज हवाओं को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है। फिलहाल सागर में मौसम सुहावना बना हुआ है और आने वाले दिनों में भी ऐसे ही बदलाव की संभावना जताई जा रही है।