झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के शक में एक व्यक्ति की ले ली जान, तीन आरोपी गिरफ्तार
झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के शक में एक व्यक्ति की बेरहमी से जान ले ली गयी। उस पर लाठी डंडों से हमला करने के बाद गला दबाकर मर्डर किया गया था। पुलिस ने इस अंधे मर्डर कांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी गांव के ही रहने वाले बताये जा रहे हैं। घटना एमपी के उमरिया जिले की है।
बताया गया की कोतवाली थाना क्षेत्र के मरदर गांव के पास बीते महीने 20 मार्च को 60 साल के मन्नू सिंह मृत मिले थे। आरोपियों को मन्नू सिंह पर जादू-टोना करने का शक था। इसी के चलते बहाने से उन्हें बुलाकर लाठी-डंडों से हमला किया और गला दबाकर जान ले ली थी। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया।
बता दें की उमरिया जिले में हुए इस सनसनीखेज मर्डर के मामले ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी थी। कोतवाली थाना अंतर्गत मरदर गांव के पास बधवानाला में 20 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में मन्नू सिंह मृत मिले थे। शुरूआती जांच में यह मामला रहस्यमयी लग रहा था। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, परतें भी खुलती गयी। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही तीन आरोपियों विनोद सिंह, मनोज सिंह, दीनदयाल सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की माने तो आरोपियों को मृतक मन्नू सिंह पर झाड़-फूंक और जादू-टोना करने का शक था। इसी अंधविश्वास के चलते उन्होंने एक साजिश रची। योजना के तहत आरोपी मन्नू सिंह के पास पहुंचे और उनसे झाड़-फूंक करने की बात कही। जैसे ही मन्नू सिंह इस प्रक्रिया में लगे, आरोपियों ने मौका पाकर उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद गला दबाकर जान ले ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जिसके बाद अब मामले खुलासा किया गया है।------