Sagar - बारदाना ख़त्म होने से फूटा किसानों का गुस्सा,सड़क पर ट्रेक्टर ट्रॉली लगाकर लगाया जाम
इन दिनों सागर जिले में किसान किसी न किसी वजह से परेशानियों का सामना कर रहा है। कभी स्लॉट बुकिंग, कभी तुलाई तो कभी गड़बड़ियों के चलते परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी तरह बीना में अब बारदाने की समस्या को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। और उन्होंने जाम लगा दिया। दरअसल उपार्जन केंद्रों पर बारदाना खत्म होने पर किसानों ने बिहरना में बीना-भानगढ़ रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया। जहां अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
बताया जा रहा है की स्टेट वेयर हाउस परिसर में सेवा सहकारी समिति इटावा, रामपुर, कंजिया और बिहरना द्वारा चना-मसूर की खरीदी की जा रही है। चारों केंद्रों पर किसान पिछले 4-5 दिनों से अपनी उपज लेकर रुके हुए हैं। किसानों का कहना है कि स्लॉट बुक होने के बावजूद पहले परिवहन की कमी और अब बारदाना खत्म होने से तौल पूरी तरह बंद है।
प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया, सरकार समर्थन मूल्य पर खरीदी नहीं करना चाहती तो हमें क्यों परेशान किया जा रहा है। जरूरी काम छोड़कर केंद्रों पर पड़े हैं। लेकिन तौल नहीं हो रही। तपती धूप में किसानों ने सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े कर विरोध जताया। जिससे आवागमन ठप हो गया। स्थिति बिगड़ने पर तहसीलदार डॉ. अंबर पंथी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन किसान नहीं माने। इसके बाद भानगढ़ थाना प्रभारी धनेंद्र यादव ने किसानों से चर्चा कर वरिष्ठ अधिकारियों को हालात से अवगत कराया। जिसके बाद जाम खोला जा सका।