सागर- स्टेशन रोड पर निकाला जुलूस! चाकूबाजी का खुलासा, 5 वार करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार SAGAR TV NEWS
सागर के कैंट थाना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। युवक पर चाकू से हमला करने वाले चारों फरार आरोपियों को पुलिस ने रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का रेलवे स्टेशन रोड पर पैदल जुलूस निकाला गया, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, यह पूरी वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा थी। गुरु गोविंद सिंह वार्ड निवासी 25 वर्षीय अभिषेक जाटव ने 1 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि रात करीब 1:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से रेलवे स्टेशन जा रहा था। रास्ते में जब वह एक परिचित से बातचीत करने के लिए रुका, तभी आरोपी राजा अहिरवार, अमित, अज्जू और अर्जुन ठाकुर वहां पहुंच गए। पुरानी दुश्मनी को लेकर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अभिषेक ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अभिषेक के कंधे, पीठ, गर्दन, कमर और पैर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की और साइबर सेल की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। लोकेशन मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।