ओवरटेक करते समय कार पर पलट गया आम से भरा ट्रक, दो युवक बाल-बाल बचे | SAGAR TV NEWS |
नेशनल हाईवे पर वाहन को ओवरटेक करना एक कार चालक को महंगा पड़ गया। हादसे में एक नहीं बल्कि दो लोगों की जान जाते-जाते बची। दरअसल आम से भरा हुआ एक ट्रक अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। इस दौरान उसमें सवार दो युवक बाल-बाल बच गए। उन्हें मामूली चोटें आई हैं। घटना एमपी के बैतूल जिले की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है की बैतूल में भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे-47 पर सारणी के पास बरेठा तिराहे पर आम से भरा एक ट्रक अचानक कार पर पलट गया। पुलिस को सूचना मिली कि बरेठा घाट के पास हादसा हुआ है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां महाराष्ट्र पासिंग ट्रक महाराष्ट्र पासिंग कार के ऊपर पलटा हुआ मिला। जिसमें नागपुर निवासी विकास मेसराम और शुभम मेसराम फंसे थे। जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब इटारसी की ओर जा रही कार के ड्राइवर ने सामने से आ रहे वाहन को ओवरटेक करने के लिए ब्रेक लगाया। इसी दौरान पीछे से ढलान पर आ रहा आम से भरा ट्रक असंतुलित हो गया। ट्रक ड्राइवर ने कार को बचाने के लिए वाहन मोड़ा और ब्रेक लगाया। लेकिन नियंत्रण खो दिया जिससे ट्रक कार पर ही पलट गया। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू करा दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।