BCom की परीक्षा में BTech छात्रा पकड़ी गई, डील बाद में का खुलासा! और फिर
एमपी के उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में परीक्षा के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। बीकॉम 6वें सेमेस्टर की परीक्षा में एक छात्रा की जगह दूसरी छात्रा पेपर देती हुई पकड़ी गई, जिससे पूरे विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला स्कूल ऑफ स्टडीज इन कॉमर्स, वागदेवी भवन परीक्षा केंद्र का है, जहां सोमवार को यह घटना सामने आई। जांच में पता चला कि सपना भदौरिया नाम की छात्रा की जगह इंदौर से आई प्रिशा साहू परीक्षा दे रही थी।
एनएसयूआई के विश्वविद्यालय अध्यक्ष तरुण परिहार को पहले ही इस सॉल्वर गैंग की सूचना मिल गई थी। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क किया, जिसके बाद कक्ष क्रमांक 10 में जांच की गई। दस्तावेज और फोटो मिलान में गड़बड़ी सामने आने पर छात्रा से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना असली नाम प्रिशा साहू बताया और खुद को बीटेक की छात्रा बताया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। प्रिशा ने बताया कि उसे ऋषभ नाम के युवक ने अपनी बहन सपना भदौरिया की जगह परीक्षा देने के लिए बुलाया था। उसे कहा गया था कि “फिलहाल पेपर दे दो, बाकी डील बाद में समझ लेंगे।
इतना ही नहीं, उसे यह भी भरोसा दिलाया गया था कि इससे पहले भी इस तरह के काम हो चुके हैं और कोई परेशानी नहीं आएगी। हैरानी की बात यह रही कि बीटेक की छात्रा होने के बावजूद प्रिशा को बीकॉम का पेपर देने बैठा दिया गया और उसे सिर्फ कॉपी में कुछ भी लिखने के लिए कहा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुलगुरु अर्पण भारद्वाज मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। फिलहाल आरोपी छात्रा से परीक्षा नियंत्रक कक्ष में पूछताछ की जा रही है और मामला पुलिस को सौंपने की तैयारी है। इस घटना ने एक बार फिर परीक्षा प्रणाली में सेंध लगाने वाले संगठित गिरोह की आशंका को मजबूत कर दिया है।