युवक ने फीमेल डॉग की पीट-पीटकर जान ले ली, पुरानी रंजिश बनी वजह,पुलिस ने दर्ज किया केस
पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने इंसानियत की हदें पार कर दी। उसने एक पालतू फीमेल डॉग को इतनी बेरहमी से पीटा की उसकी जान चली गयी। शिकायत के बाद युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा थाना क्षेत्र से सामने आई है। जहां युवक ने घटना को अंजाम देने के बाद परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी।
बताया जा रहा है की कामती गांव में एक फीमेल डॉग के साथ क्रूरता की गयी। किसान विश्राम कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम के समय गांव का ही विशाल कुशवाहा उनके घर के सामने पहुंचा। पुरानी रंजिश के कारण वह किसान और उनके परिवार को गालियां देने लगा। जब इस बात का विरोध किया गया तो गुस्से में आकर विशाल ने घर के सामने बंधी चार साल की पालतू फीमेल डॉग पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
जो इतना जबरदस्त था की डॉग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। फरियादी का आरोप है की घटना को अंजाम देने के बाद विशाल ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग निकला। उनका कहा है की इस घटना के चश्मदीद रामकुमार और दीनदयाल कुशवाहा भी हैं। जिन्होंने बचाव की कोशिश की थी।
फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी विशाल कुशवाहा के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले को जांच में लेते हुए जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही है।