सागर- नकली चाय का बड़ा भंडाफोड़! कोर्ट के आदेश पर दो ठिकानों पर छापा, लाखों का माल सील SAGAR TV NEWS
सागर में नकली चाय के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है, जहां नाम और पैकेजिंग की नकल कर ग्राहकों को धोखा देने वाले कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश पर सागर में दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, डिस्ट्रिक्ट जज दीपाली शर्मा की अदालत ने दयाचंद जैन की याचिका पर अंतरिम निषेधाज्ञा जारी करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए थे कि कोई भी व्यक्ति ‘मंगलम’ या उससे मिलते-जुलते नाम और ट्रेड-ड्रेस का इस्तेमाल कर चाय नहीं बेच सकता। इसके बावजूद बाजार में ‘रॉयल प्रीमियम मंगलम चाय’ और ‘रॉयल मंगलम’ जैसे भ्रामक नामों से उत्पाद बेचे जा रहे थे।
कोर्ट के आदेश के बाद नियुक्त लोकल कमिश्नर एडवोकेट ऋषभ चौहान और एडवोकेट महक शर्मा ने सागर पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। मकरोनिया के माता मंदिर के पास स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर करीब 15 लाख रुपए की चाय और पैकिंग मशीनों को जब्त किया गया। मौके पर मौजूद संचालक विशाल सोनी ने कार्रवाई को संदिग्ध बताया और कहा कि उन्हें कोई स्पष्ट आदेश नहीं दिया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने जब्त माल को विधिवत सील किया। पहले टेपिंग की गई, फिर कपड़े पर चापड़ लगाकर और 10 रुपए का सिक्का रखकर सीलिंग प्रक्रिया पूरी की गई। दस्तावेज रिसीव नहीं करने पर टीम ने कागजात मौके पर ही चस्पा कर पूरे गोदाम को सील कर दिया।
वहीं, वाणी कॉलोनी स्थित एक अन्य दुकान पर भी छापा मारकर करीब 25 हजार रुपए की नकली चाय जब्त की गई। इस पूरी कार्रवाई से नकली ब्रांड के जरिए मुनाफा कमाने वालों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहने के संकेत दिए गए हैं। अब सवाल यह है—क्या इस कार्रवाई के बाद नकली कारोबार पर लगाम लगेगी या फिर ये खेल किसी और नाम से जारी रहेगा?