एक्सप्रेस-वे पर ट्रेलर से टकराते ही कार बनी आग का गोला, ड्राइवर जिं दा ज ला और फिर
एमपी के रतलाम से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसे में कार आग का गोला बन गई। इस दर्दनाक हादसे में कार चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पिता और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे रतलाम के बावड़ी गांव, शिवगढ़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि झाबुआ जिले के मेघनगर निवासी तीन लोग कार से रतलाम की ओर आ रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरी कार जलने लगी।
हादसे में कार चला रहे 28 वर्षीय रोहित पिता जानिया की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। वहीं कार में सवार 48 वर्षीय नरेंद्र पिता शांतिलाल गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी बेटी टिशा भी घायल हो गई। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, नरेंद्र अपनी बेटी टिशा को सीए इंटरमीडिएट की परीक्षा दिलाने रतलाम लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। एक पल की लापरवाही या तेज रफ्तार, जिंदगी पर भारी पड़ सकती है—रतलाम का यह हादसा एक बार फिर यही सच्चाई याद दिलाता है।