चलती स्कूटी सीधी लिफ्ट में गि री! CM काफिले के बीच ग्वालियर में बड़ा हादसा
एमपी के ग्वालियर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां चलती स्कूटी अचानक एक खुली लिफ्ट में जा गिरी। यह हादसा नगर निगम मुख्यालय के पास उस वक्त हुआ, जब मुख्यमंत्री का काफिला गुजर रहा था और पूरे इलाके में ट्रैफिक रोका गया था। जानकारी के मुताबिक, दानाओली निवासी दीप्ति माथुर नगर निगम कार्यालय से अपने पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र लेकर लौट रही थीं। जैसे ही वे सिटी सेंटर की ओर बढ़ीं, पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स के कारण उन्हें रोक दिया गया। इसी दौरान जब उन्होंने स्कूटी मोड़ने की कोशिश की, तभी अचानक स्कूटी का एक्सीलेटर तेज हो गया और वे संतुलन खो बैठीं। देखते ही देखते स्कूटी सीधे पास के एक वाहन शोरूम की खुली लिफ्ट में जा गिरी। यह पूरा घटनाक्रम इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
सबसे गंभीर बात यह रही कि लिफ्ट के आसपास कोई सुरक्षा इंतजाम या बैरिकेड्स नहीं थे। अगर वहां उचित सुरक्षा होती, तो शायद यह हादसा टल सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी इस लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह बताया है। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवती को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हादसे में दीप्ति माथुर को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अब मौके पर बैरिकेड्स लगाकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर शहर में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कब तक होती रहेगी? =