SDM का बुलडोजर एक्शन, 5 साल पुराना कब्जा हटाया, मंदिर ट्रस्ट की जमीन कराई मुक्त!
एमपी के उमरिया जिले के पाली नगर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों पुराने अतिक्रमण पर सख्त कदम उठाया है। एसडीएम मीनाक्षी बंजारे के नेतृत्व में माता बिरासिनी मंदिर ट्रस्ट की जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सोमवार को हुई इस कार्रवाई में प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 5 साल से चले आ रहे कब्जे को हटाया। जानकारी के मुताबिक, यह जमीन मंदिर ट्रस्ट को वर्ष 2022 में दान में मिली थी, लेकिन वार्ड क्रमांक 8 निवासी सुरेंद्र मोटवानी ने इस पर अवैध कब्जा कर इसे गोदाम के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था।
प्रशासन ने पहले ही अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर गोदाम खाली कराया। इस दौरान वहां रखा भारी मात्रा में सामान भी जब्त किया गया। बताया जा रहा है कि एसडीएम मीनाक्षी बंजारे पिछले कुछ दिनों से लगातार एक्शन मोड में हैं। इससे पहले भी मंदिर ट्रस्ट की दुकानों पर बकाया किराया न चुकाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई दुकानों को सील किया गया था। इस सख्ती का असर यह हुआ कि महज दो दिनों में करीब 11 लाख रुपए की वसूली हो गई।
इसके अलावा, मंदिर परिसर के बाहर अवैध रूप से दुकानें लगाने वालों पर भी कार्रवाई की गई और उनकी दुकानें सील कर दी गईं। प्रशासन ने अब शहर के अन्य हिस्सों में भी अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रकाश चौराहा से बस स्टैंड और थाना रोड तक लेआउट कर अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया है, जहां जल्द ही बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जहां अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा है, वहीं आम जनता प्रशासन की इस सख्ती की सराहना कर रही है। पाली नगर में प्रशासन का यह एक्शन साफ संदेश दे रहा है—अवैध कब्जा अब बर्दाश्त नहीं होगा।