गेहूं तुलाई के दौरान किसानों का हंगामा, कम तुलाई और खराब बारदाने का आरोप, रुकी रही तुलाई
गेहूं तुलवाने आये किसानों ने हंगामा कर दिया। बड़ी संख्या में किसान इकट्ठा हो गए विरोध प्रदर्शन करने लगे। उज्जैन जिले में गेहूँ खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। नागदा में किसानों का आरोप है की गेहूं वजन में कम तौला जा रहा है। इसके अलावा जो बारदाना आया वह भी खराब है। अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों ने हंगामा किया। जिस वजह से खरीदी केंद्र पर काफी समय तक तुलाई बंद रही। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे जिम्मेदारों ने किसानों को समझाइश दी। तब दोबारा से तुलाई शुरू हो सकी।
नागदा तहसील में पड़ने वाली भाटीसूडा वेयर हाउस में गेहूं तुलवाने आए किसानों ने हंगामा कर दिया। दरअसल किसानों का आरोप था की यहां लगे तोल कांटे में गड़बड़ी है। किसानों का गेहूं कम तोला जा रहा है साथ ही और धीरे तौले जाने के भी आरोप लगाए गए। किसानों के हंगामा करने की वजह से काफी देर गेहूं तुलवाई बंद रही। जहां काफी मशक्कत के बाद किसानों को समझाया गया। जिसके बाद फिर से गेहूं तुलवाई का काम शुरू हो पाया।
देखा जाए तो इन दिनों किसानों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कभी बारिश की मार, कभी ओलावृष्टि तो कभी अन्य तरह की समस्याओं से किसानों को जूझना पड़ा। वहीं वह खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्थाओं से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।