सागर- गुटखा विवाद बना मौत का कारण! लाठी-पत्थरों से हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गुटखा देने से इंकार करना एक युवक की मौत की वजह बन गया। बरायठा थाना क्षेत्र के ग्राम धवारा में हुए इस हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, 1 मई की रात करीब 9 बजे गांव में मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। फरियादी के अनुसार, गुटखा देने से मना करने पर आरोपी राजेश अहिरवार और उसके भाई वीरन अहिरवार ने मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उनके साथ गोकल अहिरवार भी शामिल हो गया। तीनों आरोपियों ने मिलकर बाबूलाल, खिलान और विनोद अहिरवार पर लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में खिलान अहिरवार के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि अन्य दो लोग भी घायल हो गए।
घायलों को तत्काल इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान खिलान अहिरवार ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की।
आखिरकार पुलिस ने गांव के पास से तीनों आरोपी—राजेश अहिरवार, वीरन अहिरवार और गोकल अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बरायठा थाना प्रभारी मकसूद अली ने बताया कि मामूली विवाद में हुई इस हत्या के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि छोटी-सी बात पर गुस्सा और हिंसा किस तरह एक जिंदगी छीन सकती है।