पैंटालून्स में बवाल! हिंदू संगठन का हंगामा, मैनेजर-कर्मचारियों को लगाया टीका
एमपी के जबलपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां शहर के पैंटालून्स शोरूम में मंगलवार को हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते शोरूम का माहौल तनावपूर्ण हो गया और मौके पर पुलिस को पहुंचना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, हिंदू संगठन के कार्यकर्ता अचानक शोरूम में पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने मैनेजर और कर्मचारियों को मंत्रोच्चार के साथ टीका लगाया और हाथ में कलावा भी बांधा। यह पूरा घटनाक्रम कुछ ही देर में चर्चा का विषय बन गया।
दरअसल, हिंदू संगठनों का आरोप है कि शोरूम के मैनेजर ने कर्मचारियों को धार्मिक प्रतीक—जैसे माथे पर टीका लगाने और हाथ में कलावा बांधने से रोका था। इस बात की जानकारी कर्मचारियों ने संगठन के सदस्यों को दी, जिसके बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। हंगामे की सूचना मिलते ही मदन महल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें मांग की गई कि शोरूम की गाइडलाइन में बदलाव किया जाए।
संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। वहीं, मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि संगठन द्वारा ज्ञापन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर धार्मिक स्वतंत्रता और कार्यस्थल के नियमों को लेकर बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है।