दुल्हन ने बदला दूल्हा ! प्रेमी को पहनाई वरमाला, समाज ने दोनों को किया बहिष्कृत
एमपी के छिंदवाड़ा जिले के उमरेठ थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। शादी के मंडप में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दुल्हन ने तय दूल्हे को छोड़ अपने प्रेमी को वरमाला पहना दी और फिर मंडप से उसके साथ चली गई। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह घटना 22 और 23 अप्रैल की दरमियानी रात की है। परिवार के लोगों के मुताबिक युवती और उसका प्रेमी पिछले पांच साल से रिश्ते में थे, लेकिन दोनों एक ही गोत्र यानी “6 देव” वाले होने के कारण आदिवासी गोंडी परंपरा में भाई-बहन माने जाते हैं। यही वजह रही कि परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था और युवती की शादी किसी दूसरे युवक से तय कर दी गई थी।
लेकिन शादी के दिन भरे मंडप में सबकुछ बदल गया। जैसे ही वरमाला की रस्म शुरू हुई, दुल्हन ने अचानक दूल्हे की जगह अपने प्रेमी को वरमाला पहना दी। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले दोनों वहां से निकल गए।
गोंडवाना समग्र विकास क्रांति आंदोलन के सदस्य देव रावेन भलावी ने बताया कि आदिवासी समाज में सम देव और विषम देव के बीच ही विवाह मान्य होता है। दुल्हन और उसका प्रेमी दोनों “सम देव” यानी 6 देव वाले हैं, इसलिए समाज की परंपरा के अनुसार दोनों भाई-बहन माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि अब दोनों को समाज से प्रतिबंधित कर दिया गया है। वे अब देव पूजा, शादी-विवाह और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो सकेंगे।
वहीं उमरेठ थाना प्रभारी विजय ठाकुर ने बताया कि इस मामले में किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत नहीं की है, इसलिए कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। यह दो परिवारों के बीच का मामला है।
सूत्रों के मुताबिक युवती और उसका प्रेमी फिलहाल इंदौर में हैं और दोनों ने शादी भी कर ली है।