Sagar- ऑनलाइन टूर पैकेज के नाम पर 9 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी को दबोच लाई पुलिस
सागर निवासी एक युवक के साथ ऑनलाइन टूर पैकेज के नाम पर 9 लाख से ज्यादा की धोखाधड़ी की गयी थी। अब इस मामले में मोतीनगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जहां पुलिस आरोपी को प्रदेश के बाहर से दबोच लाई है। अन्तर्राज्जीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
जानकारी के मुताबिक कपड़ों की दुकान संचालित करने वाले सागर के सुभाषनगर वार्ड निवासी अजय माखीजा उम्र 32 साल ने मोतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने 3 सितम्बर 2025 को अपने मित्रों के साथ वियतनाम घूमने जाने की योजना बनाते हुए उसने इंटरनेट पर टूर पैकेज की जानकारी ली, जहां उसे लवफार माउट नामक कंपनी की आईडी मिली।
सम्बंधित आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राकेश विष्ट बताकर फरियादी को भरोसे में लिया और टूर पैकेज उपलब्ध कराने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 9 लाख 6 हजार 8 सौ रूपये की राशि हासिल कर ली। बाद में कोई सेवा प्रदान न करते हुए संपर्क बंद कर दिया। जिससे अजय को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। शिकायत पर मोतीनगर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारीयों के नेतृत्व में टीम गठित करते हुए आरोपी की तलाश की गई। जहां उसकी पहचान कर आरोपी राकेश विष्ठ को गिरफ्तार किया गया। जो उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के पालोली का निवासी है। पूछताछ में उसने धोखाधड़ी करना कबूल किया। जिसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेजा गया है।
वहीं पुलिस का खास मैसेज है की ऑनलाइन टूर पैकेज या किसी भी सेवा का चयन करते समय संबंधित कंपनी/एजेंसी की विश्वसनीयता की जांच ज़रूर करें। अनजान व्यक्तियों या संदिग्ध आईडी पर बिना सत्यापन के पैसे ट्रांसफर न करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।-----