गांव-गांव पहुंचकर दी जंगल बचाने की सीख, अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, वन विभाग का बड़ा अभियान!
एमपी के हरदा जिले में जंगलों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर वन विभाग ने बड़ा अभियान शुरू किया है। वन मंडलाधिकारी ज्योति मुड़िया के निर्देशन में गुरुवार को वन सुरक्षा के लिए सामूहिक गश्ती और जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें वन विभाग की टीम गांव-गांव पहुंची और ग्रामीणों को जंगल बचाने का संदेश दिया। यह अभियान वन परिक्षेत्र बोरपानी के ग्राम कुमरूम से शुरू हुआ, जो रहटगांव के चंद्रखाल और मगरधा वन परिक्षेत्र के इंद्रपुरा गांव तक चला। अभियान का नेतृत्व उप वनमंडल अधिकारी दक्षिण हरदा राकेश लहरी और उत्तर हरदा कलीराम उईके ने किया। इस दौरान तीनों वन परिक्षेत्रों के अधिकारी और वन अमला मौजूद रहा।
वन विभाग की टीम ने सबसे पहले गांवों में बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को वन सुरक्षा, सामूहिक गश्ती और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी। इसके बाद अधिकारियों ने घर-घर जाकर लोगों को जंगलों में आग लगने से रोकने, अतिक्रमण नहीं करने, जलाऊ लकड़ी के सही प्रबंधन और पेड़ों की अवैध कटाई व गर्डलिंग रोकने के लिए जागरूक किया। ग्रामीणों से यह भी अपील की गई कि जंगल में आग लगने जैसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दें और वन्य जीवों एवं पर्यावरण की सुरक्षा में सहयोग करें।
अभियान के दौरान संबंधित गांवों की वन सुरक्षा समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य और सरपंच भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित कर्मचारियों को समाधान के निर्देश दिए। गश्ती के दौरान कुछ स्थानों पर अनियमितताएं भी सामने आईं, जिस पर अधिकारियों ने वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वन विभाग का कहना है कि जंगलों को सुरक्षित रखने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। यही वजह है कि अब गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि वन, पर्यावरण और वन्य प्राणियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।