अब प्याज पर जमकर राजनीति, कांग्रेस ने प्याज की माला लेकर किया प्रदर्शन
किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस द्वारा एक बड़ा आंदोलन देखने को मिला। जहां नेशनल हाईवे 46 पर चक्काजाम करते हुए प्रदर्शन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह सैंकड़ों समर्थकों और किसानों के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने हाथ में प्याज की माला लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर कटाक्ष किया। दरअसल किसानों के मुद्दों को लेकर एमपी के गुना में भी आंदोलन किया गया। इस दौरान जयवर्धन सिंह ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा की सिंधिया जी की सोच केवल प्याज़ तक ही सीमित है। उन्होंने प्याज़ के आगे कभी सोचा ही नहीं, तभी तो आज तक किसानों की बात नहीं उठा पाए। जयवर्धन सिंह ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया कभी भी किसानों के हित की बात नहीं करेंगे। केवल चुनाव से तीन महीने पहले किसानों की चिंता फिक्र शुरू हो जाएगी। अब जब किसानों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतरी है तो सीएम मोहन यादव और सिंधिया जी ने प्याज़ की माला भेजी है। प्याज़ पर राजनीतिक बयानबाजी करते हुए जयवर्धन सिंह ने कहा प्याज जेब में रखकर फोटो खिंचवाने वालों को आज किसानों की प्याज की माला जवाब दे रही है। इसके अलावा जयवर्धन सिंह ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी निधाना साधा। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह के गृह राज्य में किसानों की हालत बदतर है। वह कहते थे कि 2200 रुपए में किसान की मिट्टी भी खरीद लेंगे तो फिर अब गेहूं उपार्जन में किसानों का गेहूं समर्थन मूल्य पर क्यों नहीं खरीदा जा रहा। मप्र में किसानों की हालत के लिए मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव,कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया जिम्मेदार हैं।
गौरतलब है की बीते कुछ समय पहले ही सिंधिया संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आए थे। जहां उन्हने प्याज़ हाथ में लेकर बयान दिया था कि प्याज जेब में रखने से लू नहीं लगती। इसी बयान को लेकर जयवर्धन सिंह ने सिंधिया पर कटाक्ष किया।