नेशनल हाईवे पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन,4 घंटे बंद रहा हाईवे,जीतू पटवारी ने दी बड़ी चेतावनी
किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस पूरी तरह से लड़ाई लड़ने सड़कों पर उतर आई। जहाँ गुरुवार को कांग्रेस का एक बड़ा और भव्य विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। कांग्रेस ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। तकरीबन 4 घंटे तक ये प्रदर्शन चला। इस दौरान यातायात पूरी तरह से रूक गया। हाईवे पर सैंकड़ों की संख्या में वाहन चालकों को परेशान होना पड़ा। आपको नज़र आने वाली ये तस्वीरें एमपी के शाजापुर जिले की हैं।
जहां आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर खलघाट से मुरैना तक करीब 580 किलोमीटर क्षेत्र में सात जगहों पर चक्का जाम किया गया। कई जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की के हालात तक बन गए थे। तो हजारों यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। बताया जा रहा है की शाजापुर जिले के रोजवास टोल प्लाजा पर चार घंटे तक प्रदर्शन देखने को मिला। इस दौरान उज्जैन के तराना विधायक महेश परमार और उज्जैन जिले के एक अधिकारी के बीच ट्रैक्टर हटाने को लेकर तीखी बहस हो गई। दोनों पक्षों में बातचीत गाली-गलौज तक पहुँच गयी।
प्रदर्शन में शामिल होने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी रोजवास टोल पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह सड़क सत्याग्रह का ट्रेलर है और आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद वे गेहूं से भरे ट्रैक्टर पर चढ़ गए और करीब डेढ़ घंटे तक वहीं बैठे रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ट्रैक्टर पर चढ़ गई, जिससे धक्का-मुक्की की स्थिति बनी और ट्रैक्टर से गेहूं नीचे गिरने लगा। वहीं इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मानवता का परिचय देते हुए एक कैंसर पीड़ित मरीज और तीन एंबुलेंस को टोल बैरियर खुलवाकर इंदौर की ओर रवाना कराया।
इसके अलावा भाजपा विधायक अरुण भीमावत अपने समर्थकों के साथ टोल प्लाजा पर पहुंचे और जाम में फंसे राहगीरों को पानी पिलाते नजर आए। उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन को नौटंकी बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। उपार्जन केंद्रों पर गेहूं की खरीदी सुचारु रूप से हो रही है। प्रदर्शन बाद जीतू पटवारी ने चेतावनी दी कि अगर किसानों की मांगें नहीं मानी गईं तो कांग्रेस पंचायत स्तर तक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री आवास का घेराव और तालाबंदी भी की जाएगी।-