सागर- 3 साल की मासूम से अस्पताल में...BMC में इंसानियत शर्मसार! आरोपी मरीज फरार | SAGAR TV NEWS |
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज यानी बीएमसी से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां इलाज के लिए भर्ती तीन साल की मासूम बच्ची के साथ अस्पताल परिसर में ही कथित गंदे काम की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक मासूम बच्ची अपने परिजनों के साथ इलाज के लिए बीएमसी के सर्जिकल वार्ड में भर्ती थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्ची वार्ड के बाथरूम में गई थी। इसी दौरान अस्पताल में भर्ती एक मरीज भी उसके पीछे बाथरूम में घुस गया। आरोप है कि आरोपी ने बच्ची के साथ गलत हरकत की और फिर मौके से निकल गया।
कुछ देर बाद बच्ची रोते हुए अपनी मां के पास पहुंची और मासूमियत भरे अंदाज में पूरी घटना बताई। बच्ची की बात सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी। मामला सामने आते ही अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को बुलाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों और पूरी घटना की पुष्टि की जा सके।
सागर सीएसपी ललित कुमार कश्यप ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।