200 फीट ऊंचे हाईवोल्टेज टावर पर चढ़ा युवक ! 4 घंटे बंद रही कई राज्यों की बिजली सप्लाई
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र से गुरुवार को एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक विक्षिप्त युवक 765 केवी के हाईवोल्टेज पावर ग्रिड टावर पर चढ़ गया। युवक करीब 200 फीट ऊंचाई तक पहुंच गया, जिसके बाद प्रशासन, पुलिस और पावर ग्रिड विभाग में हड़कंप मच गया। घटना ग्राम खमरिया कला की है। स्थानीय लोगों ने युवक को टावर पर चढ़ते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। लेकिन तब तक युवक करीब 100 फीट ऊपर पहुंच चुका था। जैसे ही नीचे पुलिस और प्रशासन की भीड़ जमा हुई, युवक और ऊपर चढ़ते हुए करीब 200 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गया।
युवक की पहचान नन्ही देवरी निवासी 30 वर्षीय विजय पिता शिवराज गौड़ के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक यह पहली बार नहीं था। इससे पहले भी वर्ष 2024 में विजय इसी हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ चुका था। उस दौरान वह करंट की चपेट में आ गया था, जिसके कारण उसका एक हाथ काटना पड़ा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सीजी गोस्वामी ने तुरंत जबलपुर मुख्यालय से संपर्क कर हाईवोल्टेज लाइन की सप्लाई बंद करवाई। बताया जा रहा है कि इस 765 केवी लाइन से चार राज्यों समेत कई बड़ी फैक्ट्रियों और कंपनियों को बिजली सप्लाई होती है। करीब चार से पांच घंटे तक सप्लाई बंद रहने से एक करोड़ रुपए से ज्यादा के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
दोपहर तक पुलिस और पावर ग्रिड की टीम युवक को समझाने की कोशिश करती रही, लेकिन जब वह नीचे नहीं उतरा तो रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पावर ग्रिड टीम के कर्मचारी खुद टावर पर चढ़े, युवक को सीट बेल्ट पहनाई और रस्सियों की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया। करीब चार घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान पूरे इलाके में लोगों की सांसें थमी रहीं। फिलहाल युवक सुरक्षित है और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।