कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस का धरना, बड़े आंदोलन की चेतावनी, किसान नेता के जिलाबदर पर गरमाई राजनीति! | SAGAR TV NEWS |
एमपी के उज्जैन में किसान नेता अशोक जाट को जिलाबदर किए जाने के बाद सियासत गरमा गई है। जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक जाट के समर्थन में कांग्रेस सड़क पर उतर आई है। कांग्रेस नेताओं ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय पर धरना देकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराज़गी जताई और चेतावनी दी कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो सोमवार से बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। दरअसल, उज्जैन कलेक्टर द्वारा जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष अशोक जाट को उनके आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर छह महीने के लिए जिलाबदर किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस लगातार विरोध कर रही है।
पहले कांग्रेस ने सोमवार से कलेक्टर कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान किया था, लेकिन पूर्व विधायक अश्विन जोशी के निधन के कारण फिलहाल सांकेतिक धरना दिया गया। कांग्रेस विधायक महेश परमार और जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। धरने के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों की आवाज उठाने वाले नेता को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अशोक जाट लगातार किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन करते रहे हैं और अब उनकी आवाज दबाने के लिए जिलाबदर जैसी कार्रवाई की गई है।
प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है। अगर दो दिनों के भीतर जिलाबदर का आदेश वापस नहीं लिया गया तो सोमवार से कलेक्टर कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा और आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की और किसानों के हितों की रक्षा करने का संकल्प दोहराया। अब सबकी नजर प्रशासन के अगले कदम और कांग्रेस के प्रस्तावित आंदोलन पर टिकी हुई है।