किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का हाईवे जाम! इंदौर-आगरा मुंबई हाईवे पर 5 घंटे थमा ट्रैफिक
एमपी के इंदौर में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन देखने को मिला, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदौर-आगरा मुंबई नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। पीगडंबर स्थित मेडिकैप्स कॉलेज चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन ने कुछ ही देर में हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया और करीब पांच घंटे तक यातायात ठप रहा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टरों को सड़क पर खड़ा कर हाईवे को ब्लॉक कर दिया। आंदोलन का मुख्य मुद्दा किसानों को मंडियों में तुलाई के लिए समय पर स्लॉट नहीं मिलना और फसल को औने-पौने दामों में बेचने की मजबूरी बताया गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही।
जाम इतना भीषण था कि हाईवे पर ट्रकों, बसों और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी में सैकड़ों लोग घंटों तक सड़क पर फंसे रहे। सबसे चिंताजनक स्थिति तब बनी जब कई एंबुलेंस भी इस जाम में फंस गईं। हालांकि जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े खुद सड़क पर उतरे और कार्यकर्ताओं को हटाकर एक एंबुलेंस को बाहर निकलवाया।
प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत प्रदेश के सात स्थानों पर सांकेतिक चक्का जाम किया गया था, जिसमें इंदौर का पीगडंबर प्रमुख केंद्र रहा। किसान कांग्रेस और कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष जीतू ठाकुर ने कहा कि किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हैं और सरकार की व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। वहीं कई किसानों ने भी मंडियों में हो रही परेशानी और देरी को लेकर नाराजगी जाहिर की।
करीब पांच घंटे बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंदोलन समाप्त किया। आंदोलन खत्म होने के बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर फैली पानी की बोतलें और कचरा हटाकर सफाई भी की। इसके बाद पुलिस ने यातायात को फिर से सुचारु कराया।
इंदौर में हुए इस हाईवे जाम ने किसानों के मुद्दों को एक बार फिर प्रदेश की राजनीति के केंद्र में ला दिया है।