बाघ ने गांव में घुसकर गाय का शिकार, बछड़ा उठा ले गया टाइगर और फिर
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के पन्ना से एक बार फिर बाघ के आतंक की खबर सामने आई है। पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर जोन से लगे मोहनपुर हनुमतपुरा गांव में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बाघ रिहायशी इलाके में घुस आया। बाघ ने गांव में घुसते ही एक गाय का शिकार कर लिया और उसके बछड़े को उठाकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक यह घटना पशुपालक रामशरण चंदपुरिया के घर के पास हुई। देर रात अचानक बाघ गांव में पहुंचा और वहां बंधी गाय पर हमला कर दिया। बाघ ने गाय को मार डाला और बछड़े को अपने साथ घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। सुबह जब ग्रामीणों ने मृत गाय को देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पन्ना टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंच गई। डिप्टी डायरेक्टर बीके पटेल के निर्देशन में वन अमले ने गांव में लगातार गश्त शुरू कर दी है। साथ ही प्रशासन की ओर से मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों को चेतावनी दी गई है कि वे रात के समय अकेले घर से बाहर न निकलें और जंगल की ओर जाने से बचें। वन विभाग ने कहा है कि बाघ फिलहाल वापस जंगल की ओर लौट गया है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर निगरानी लगातार जारी रहेगी।
ग्रामवासी मुकेश कुमार ने बताया कि बाघ गांव के अंदर तक आ गया और गाय को मारकर बछड़ा उठा ले गया। इसके बाद से गांव के लोग डर के साये में जी रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या बाघ की मूवमेंट दिखाई दे तो तुरंत सूचना दें। पन्ना टाइगर रिजर्व के आसपास बसे गांवों में लगातार बढ़ती बाघों की गतिविधियों ने अब लोगों की चिंता और डर दोनों बढ़ा दिए हैं।