यात्री बसों में सुरक्षा से खिलवाड़, इमरजेंसी और पैनिक बटन मिले बंद, 7 बसों की फिटनेस की रद्द
यात्री बस में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बड़े खिलवाड़ की बात सामने आई है। जब प्रशासन की टीम मौके पर जांच करने के लिए पहुंची तो कई तरह की खामियां मिली। जिससे अब कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल जांच टीम को इमरजेंसी गेट और पैनिक बटन बंद मिले। जिस पर प्रशासन ने 5 बसें जप्त करते हुए 7 बसों की फिटनेस रद्द कर दी है। मामला एमपी के इंदौर का है। जहां आरटीओ और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने यात्री बसों में जाँच की।
बताया जा रहा है। की यात्री बसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई बसों में गंभीर खामियां पकड़ी गयी हैं। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर तीन इमली बस स्टैंड और रिंग रोड क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कई बसें सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरीं। बसों में फर्स्ट एड बॉक्स नहीं मिले, जबकि इमरजेंसी एग्जिट गेट बंद पाए गए। मौके पर मौजूद एसडीएम धनश्याम धनगर ने खुद इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की, लेकिन गेट नहीं खुले। इससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही उजागर हुई। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगाए गए पैनिक बटन भी बंद मिले। साथ ही फायर सेफ्टी, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों में भी कई खामियां पाई गईं।
कार्रवाई करते हुए आरटीओ प्रदीप शर्मा और प्रशासनिक टीम ने 5 बसों को जब्त किया। वहीं 7 से ज्यादा बसों के फिटनेस सर्टिफिकेट मौके पर ही रद्द कर दिए गए। प्रशासन ने ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती दिखाई।
इस सब के अलावा आरटीओ ने करीब 5 लाख रुपए का बकाया भी वसूल किया। जिला प्रशासन ने साफ चेतावनी देते हुए कहा की यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की कार्यवाई आगे भी जारी रहेगी।-