सांसद प्रतिनिधि लिखी स्कॉर्पियो ने युवकों को उड़ाया, एक की गई जान, दो पहुंचे अस्पताल
तेज रफ़्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो वाहन ने सड़क किनारे खड़े हुए वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही जान चली गयी। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र से सामने आई है। बताया गया की टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो में सांसद प्रतिनिधि लिखा हुआ है। टैक्सी वाहन में मवेशी भरे हुए थे जिनमें दो बकरियों की भी जान गयी। वहीं कुछ बकरियां घायल बताई जा रही हैं। सूचना मिलने के बाद ओरछा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ऐसी जानकारी है की हादसे के बाद स्कॉर्पियो में सवार लोग दूसरी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो पर सांसद प्रतिनिधि की नेम प्लेट लगी हुई थी। वाहन छतरपुर पासिंग है। जिसका नंबर एमपी 16 ZE 4411 है। ऐसा बताया गया की गाड़ी एक नाबालिग चला रहा था। जो कांटी गांव निवासी प्रताप दाऊ प्रताप सिंह का बेटा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है की कैंडी गांव से बकरियां लादकर एक वाहन महोबा तरफ जा रहा था। जिसमें मोहम्मद सलमान, मोहम्मद शाहबाज, सूबे खटीक और दद्दू खटीक सवार थे। रास्ते में सलमान गाड़ी साइड में लगाकर रुका हुआ था।
इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने खड़े वाहन को टक्कर मार दी। जो इतनी जबरदस्त थी की वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा। जिससे शाहबाज की मौके पर जान चली गई। वहीं सूबे खटीक और दद्दू खटीक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि सलमान इस घटना में बाल-बाल बच गया।
सूचना के बाद एसआई दीपक यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। वाहन किसका है उसे कौन चला रहा था और घटना कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है।------